अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, रिश्तेदार गंभीर एक साल पहले हुई थी युवक की शादी; परिवार में मचा कोहराम
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजादपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। कानपुर देहात जिले के हीरा का पुरवा निवासी पुरुषोत्तम (31) मंगलवार रात अपने रिश्तेदार सौरभ (30) के साथ बाबरपुर से बाइक पर घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे आजादपुर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर बबीना चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से 100 शैय्या अस्पताल चिचौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पुरुषोत्तम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि पुरुषोत्तम की शादी महज एक साल पहले हुई थी। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।