अहमदाबाद से लौट रहे युवक का इटावा में मिला शव हाथ पर गुदे नाम से 10 घंटे बाद हुई शिनाख्त
औरैया। जनपद के बेला निवासी एक युवक अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था, अहमदाबाद से घर लौटते समय अचानक लापता हो गया, बेला बस्ती निवासी 26 वर्षीय विनय कुमार उर्फ जितेंद्र का शव सोमवार को इटावा के भरथना थाना क्षेत्र में पक्का ताल के पास बंबा में मिला। शव की सूचना पर परिजन इटावा मोर्चरी पहुंचे और करीब 10 घंटे में उसकी पहचान कर ली।
परिजनों के मुताबिक विनय पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र अहमदाबाद में अपने बड़े भाई श्याम सुंदर और छोटे भाई प्रदीप के साथ एक कंपनी में काम करता था। तीन अक्टूबर को वह बस द्वारा अहमदाबाद से बेला घर आने के लिए निकला था। इटावा पहुंचने के बाद उसने फोन कर परिजनों को जानकारी दी थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया और संपर्क टूट गया। घर न पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच भरथना पुलिस को पक्का ताल के पास बंबा में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विनय के रूप में की। परिजनों ने बताया कि उसके दाएं हाथ पर ‘अंजलि’ नाम गुदा था, जिससे भी पहचान की पुष्टि हुई। परिवार के अनुसार अंजलि बिहार की रहने वाली और विनय की भाभी की बहन है। दोनों की शादी तय थी। विनय की मौत की खबर से मां सुशीला देवी और बहन मिथलेश, ऊषा व ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव बेला पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।