आदिकवि वाल्मीकि जयंती पर सम्मान समारोह व पुस्तक विमोचन संपन्न
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में साहित्य दीप संस्थान व साहित्यिक प्रकोष्ठ बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को सम्मान समारोह एवं 'सोन काव्यांजलि' द्वितीय संस्करण का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कथाकार रामनाथ शिवेन्द्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी और विशिष्ट अतिथि डॉ. लोकपति सिंह पटेल रहे। आदिकवि वाल्मीकि एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अतिथियों और साहित्यकारों का अंगवस्त्र, लेखनी और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इसके बाद संयुक्त कविता संकलन का विमोचन हुआ।
-----------
इस अवसर पर अजय चतुर्वेदी कक्का, दिवाकर द्विवेदी मेघ, शिवदास कवि, विकास वर्मा, राजेश कुमार पाठक, प्रद्युम्न त्रिपाठी, दयानंद दयालू, सुधाकर स्वदेश प्रेम, सुशील मिश्रा सहित कई अधिवक्ता व साहित्यकार मौजूद रहे। संचालन अशोक तिवारी एडवोकेट ने किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन दास केसरी के निधन की सूचना पर काव्यांजलि कार्यक्रम स्थगित कर शोक प्रस्ताव पारित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।