आम आदमी पार्टी ने स्नातक एमएलसी के लिए सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को दिया समर्थन
मीरजापुर (सुनील कुमार गुप्ता)। आम आदमी पार्टी ने स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने बताया कि प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष पवन तिवारी एडवोकेट की सहमति से यह निर्णय लिया गया है। पार्टी स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव का समर्थन करेगी।
उन्होंने बताया कि आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान में प्रथम वरीयता का वोट समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में डालने की अपील की गई है। मिर्जापुर जनपद में पार्टी ने लगभग 750 स्नातक और 150 शिक्षक मतदाता बनाए हैं। वहीं आठों जनपदों में मिलाकर लगभग 2000 स्नातक मतदाता तैयार किए गए हैं।
जिला महासचिव संतोष कुमार पांडे ने बताया कि मतदान के दिन और उससे पूर्व मतदाताओं से संपर्क के लिए पार्टी ने 15 पदाधिकारियों को विभिन्न बूथों का प्रभारी बनाया है।