आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में झांसी रेंज लगातार नौवीं बार प्रदेश में प्रथम
झांसी। मुख्यमंत्री जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की सितंबर 2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में झांसी परिक्षेत्र ने प्रदेश के परिक्षेत्रों की रैंकिंग में लगातार नौवीं बार प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, झांसी रेंज के अंतर्गत जनपद जालौन ने भी जनपदों की रैंकिंग में लगातार नौवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है।पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के निर्देशन में आईजीआरएस एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय में विधिक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया गया। उपलब्धि पर आईजी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।आईजीआरएस/सीसीटीएनएस के प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेंद्र प्रताप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रियंका गुप्ता को उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।आईजी आकाश कुलहरि ने रेंज के जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शासन की मंशा के अनुरूप कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन में पुलिस की निष्पक्ष कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता बनी रहे।