FATEHPUR NEWS: जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधार की दिशा में चलाए जा रहे मिशन-300 अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को विकासखंड असोथर की ग्राम पंचायत सुसवन बुजुर्ग में तालाब खुदाई कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रस्तावित तालाबों की खुदाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराई जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि तालाबों के लिए भूमि चयन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि तलाबी भूमि आबादी के निकट हो, जिससे बरसात के दौरान जल आसानी से तालाबों में एकत्र होकर संरक्षित हो सके। डीएम ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और तालाबों का पुनर्जीवन एवं निर्माण भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी असोथर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







