असोथर और सराय खालिस स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण, ओपीडी बढ़ाने और बेहतर सुविधाएं देने के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को विकासखंड असोथर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय खालिस एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रेशन कक्ष, ओपीडी, पीएनसी एवं एएनसी कक्ष, नर्स ड्यूटी कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, आयुष्मान भारत कक्ष, प्लास्टर कक्ष, पैथोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर, ड्रग स्टोर, एक्स-रे रूम, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात कक्ष, इमरजेंसी तथा मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली और निर्देश दिए कि ओपीडी की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही मरीजों को जांच, दवाएं एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने ओपीडी में आने वाले मरीजों की आभा आईडी बनाने तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनवाने में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में अलग कक्ष स्थापित किया जाए और उसका स्पष्ट प्रदर्शन भी कराया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान सराय खालिस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आरबीएसके कक्ष में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई तथा प्रचार-प्रसार सामग्री के वितरण में भी लापरवाही सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित कुछ नागरिकों ने शिकायत की कि एक फार्मासिस्ट द्वारा पर्चे पर लिखी गई दवाएं बाहर से खरीदने के लिए कहा जाता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल संबंधित फार्मासिस्ट को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को मेडिको-लीगल सेवाएं प्रारंभ कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी एवं पीएचसी प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







