KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील क्षेत्र के शुजातपुर बमरौली निवासी सुभाष चंद्र द्विवेदी के पौत्र व स्वर्गीय अवधेश द्विवेदी के पुत्र अंकित द्विवेदी का चयन संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) के माध्यम से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। अंकित ने पहली ही कोशिश में सफलता हासिल कर परिवार के साथ ही क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंकित की शुरू से ही पढ़ाई में विशेष रुचि और लगन रही है। उनके पिता स्वर्गीय अवधेश द्विवेदी भी सेना में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान बीमारी के कारण कई वर्ष पहले उनका निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद से ही अंकित ने सेना में अधिकारी बनने का संकल्प लिया था। कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने अपने इस सपने को साकार कर दिखाया। अंकित की सेना की अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए), चेन्नई में प्रशिक्षण एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। उनके चयन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अंकित के घर पहुंचकर और फोन के माध्यम से उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। अंकित की इस उपलब्धि पर गांव के सोम चंद्र द्विवेदी, राजेश द्विवेदी, दिवाकर द्विवेदी, श्याम सुंदर, महेंद्र, प्रभाकर द्विवेदी, ज्ञानेश और अभिषेक द्विवेदी समेत क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







