SONBADHR NEWS: जनपद में खनन पट्टा से जुड़े एक मामले में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए अनपरा निवासी चंदन दुबे ने पुलिस अधीक्षक से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। चंदन दुबे पुत्र स्वर्गीय ललित दुबे, निवासी ओड़ी मोड़, अनपरा ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि मेसर्स ओमैक्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रहे सचिन अग्रवाल द्वारा खनन पट्टा संबंधी दस्तावेजों में अनियमितता और कूटरचना की गई है। शिकायत के अनुसार ग्राम खेबंधा, थाना जुगैल, तहसील ओबरा स्थित 7.00 हेक्टेयर क्षेत्र में बालू/मोरम खनन का पांच वर्षीय पट्टा 9 जनवरी 2023 से 8 जनवरी 2028 तक के लिए स्वीकृत किया गया था। इसकी रजिस्ट्री 23 जनवरी 2023 को हुई, जिसमें सचिन अग्रवाल ने कंपनी के निदेशक के रूप में हस्ताक्षर किए और दस्तावेजों में स्वयं को निदेशक दर्शाया। आरोप है कि सचिन अग्रवाल ने 14 नवंबर 2022 को ही निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बावजूद उन्होंने रजिस्ट्री विभाग में निदेशक के रूप में प्रस्तुत होकर हस्ताक्षर किए, जिससे सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़े की आशंका जताई गई है। चंदन दुबे ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से इस संबंध में खनिज विभाग, जिलाधिकारी कार्यालय अथवा अन्य संबंधित विभागों को कोई सूचना नहीं दी गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर सचिन अग्रवाल एवं मेसर्स ओमैक्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।







