कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद में प्रस्तावित अति विशिष्ट अतिथि के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र, प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल तथा अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव तथा अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। पुलिस महानिरीक्षक ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल, वीआईपी आगमन एवं निर्गमन मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा, ड्यूटी प्वाइंट, यातायात प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्बाध आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों की प्रभावी निगरानी तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएं। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि भ्रमण कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे।







