PRAYAGRAJ NEWS: भारत रत्न राजऋषि पुरुषोत्तम दास टंडन की जयंती माह के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (रजि.) दिल्ली द्वारा संचालित जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज अभियान के अंतर्गत मंगलवार को तृतीय चरण की प्रतियोगिताएँ देव पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल मऊआइमा, एस.एस. भारती स्कूल, दरियाबाद तथा अल-कुरानिया स्कूल अटाला में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध, मेहंदी सहित विभिन्न विधाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। मुख्य अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भारत रत्न राजऋषि पुरुषोत्तम दास टंडन के आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (रजि.) दिल्ली के संरक्षक महेश कपूर,राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण बहल, महासचिव अखिल कक्कढ के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के माध्यम से जनपद के अनेक विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का क्रम लगातार जारी है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनन्द जी टंडन (पप्पन भईया)प्रदेश अध्यक्ष बृजेश सिड़ाना आदि पदाधिकारियों ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिया जाता है तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 1 अगस्त पर आहूत भव्य समारोह में सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधक मुदित खत्री,विजय पाल संस्कृत विभाग प्रवक्ता, शाहबाज आब्दी,प्रबंधक डॉ खुर्शीद आलम, शबाज असलम प्रधानाचार्य,शफ़क़ फातिमा, शमा, डॉ नीता सेठ, नीलम बहल, मंजूषा सिंह, बृजेश मेहरोत्रा, मनीष कपूर, अतुल खन्ना, अभय मेहरोत्रा,एवं संगठन के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।







