पीछा कर दबोचा गया आरोपी, बिना लाइसेंस मिट्टी लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
PRAYAGRAJ NEWS: थाना खीरी क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर फरार होने का प्रयास कर रहे ट्रैक्टर चालक को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार गुरुवार 4 जून को उपनिरीक्षक धीरज सिंह, कांस्टेबल रामप्रवेश तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव एक प्रार्थना पत्र की जांच के सिलसिले में क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 11:30 बजे बसगढ़ी नहर पटरी मार्ग पर एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार और लापरवाही से आती हुई दिखाई दी। चालक ने वाहन पर नियंत्रण न रखते हुए पुलिसकर्मियों को हल्की टक्कर मार दी, जिससे वे असंतुलित होकर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह वाहन रोकने के बजाय और तेज गति से भागने लगा। उसकी लापरवाही से मार्ग पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को रोक लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर रुकते ही चालक वाहन छोड़कर अपने घर की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दीपक चौहान पुत्र जितेंद्र कुमार निवासी ग्राम पाठकपुर, थाना खीरी, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई।जांच के दौरान चालक न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत कर सका और न ही वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज दिखा पाया। पुलिस ने पाया कि स्वराज कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर संख्या यूपी-70 ईई-8928 ट्रॉली में मिट्टी लादकर संचालित किया जा रहा था।पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। वहीं उपनिरीक्षक धीरज सिंह की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ थाना खीरी में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026, धारा 281 एवं 125(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।मामले में सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा ने बताया कि पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर फरार होने का प्रयास करने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रभारी निरीक्षक खीरी ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।







