PRAYAGRAJ NEWS: समाजवादी पार्टी की सक्रिय नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य सुमन कोल के नेतृत्व में शनिवार को तहसील कोरांव में महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक तथा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को प्रभावशाली बना दिया। जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहने वाली सुमन कोल के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई से आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर सुमन कोल ने कहा कि महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। क्षेत्र में महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद करने में सुमन कोल की सक्रिय भूमिका की कार्यकर्ताओं ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि वह लगातार क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन और शासन के समक्ष उठाने का कार्य कर रही हैं। ज्ञापन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद, विधानसभा अध्यक्ष सोमदत्त पटेल, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष पवन सिंघाल, सनाउल्ला खां, शहादत अली, यदुवेन्द्र अहीर, नौशाद, मेहताब खान, पुष्कर यादव, सुरेन्द्र यादव, खुश मोहम्मद, गुलफाम, अश्विनी पटेल, अजीत पटेल, अजय लाल कोल, अनुज कोल, योगेन्द्र कुमार कोल (गुलजार), डॉ. लवलेश गौतम, राजेश गौतम, धीरज कोल, गीता भारती, रेखा कुशवाहा, रंजना जैसल, मनोजा कोल, कलावती कोल, मीरा चंद्रा, सीमा अंसारी, सावित्री देवी, सुनीता विश्वकर्मा, अनूपा आदिवासी (अधिवक्ता) सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।







