JAUNPUR NEWS: बिहार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड द्वारा विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए प्रजापति समाज की महिलाओं को उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रजापति महासभा जौनपुर ने दोनों दलों का आभार व्यक्त किया है। महासभा ने इसे समाज की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक भागीदारी की मांग का सकारात्मक परिणाम बताया है। प्रजापति महासभा जौनपुर के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार प्रजापति एडवोकेट ने कहा कि यदि समाज अपने अधिकारों और हिस्सेदारी के लिए संगठित होकर मांग करता है तो उसे उसका उचित सम्मान अवश्य मिलता है। L उन्होंने कहा कि बिहार में प्रजापति समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार शासन, सत्ता और राजनीतिक संगठनों में भागीदारी की मांग उठाई जाती रही है। इसी का परिणाम है कि सत्ताधारी दल भाजपा ने शीला पंडित तथा जनता दल यूनाइटेड ने शिवरानी प्रजापति को एमएलसी का टिकट देकर समाज को सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रजापति समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूती देने वाला है और इससे समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। सुरेन्द्र कुमार प्रजापति ने भाजपा और जदयू नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन, सत्ता और विभिन्न संगठनों में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे देश में मजबूती के साथ आवाज उठाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सम्मान और प्रतिनिधित्व मांगने से ही मिलता है। इसलिए समाज के लोगों को अपने अधिकारों, प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी के लिए एकजुट होकर प्रयास करते रहना चाहिए। प्रजापति महासभा जौनपुर ने दोनों राजनीतिक दलों के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक न्याय और राजनीतिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।







