Home उत्तर प्रदेश विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य...

विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं, सीएम डैशबोर्ड एवं आकांक्षी जनपद से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का निस्तारण शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। डीएम ने सीएम डैशबोर्ड पर समय से सही डेटा फीड करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन विभागों की फीडिंग में त्रुटियां हैं, वे अपने मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर सही जानकारी अपडेट करें, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाई जाए और ग्राम स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर नियमित निगरानी के साथ कार्य पूरा कराया जाए। साथ ही, किसानों के सभी गाटों को रजिस्ट्री में शामिल करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं नियमित रूप से निरीक्षण करें तथा भौतिक और वित्तीय प्रगति की सही जानकारी पोर्टल पर अपडेट करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।