Home उत्तर प्रदेश रामपुर कला में खड़ी ट्राली से टकराया बाइक सवार हुई मौत

रामपुर कला में खड़ी ट्राली से टकराया बाइक सवार हुई मौत

बाइक पर बैठाकर गर्भवती बहू का उपचार कराने आते समय हुआ हादसा
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार धरनीधर पाठक (42) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी गर्भवती बहू और पत्नी घायल हो गईं। यह हादसा देसी शराब की दुकान के सामने खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक के टकराने से हुआ। धरनीधर पाठक, अपनी पत्नी निर्मला देवी और गर्भवती बहू विमला पाठक को बाइक पर बैठाकर बहू का इलाज कराने कोरांव बाजार जा रहे थे। वे मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनवाल गांव के निवासी थे। रात करीब 10:30 बजे, रामपुर कला गांव में देसी शराब की दुकान के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि धरनीधर पाठक की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी निर्मला देवी और बहू विमला पाठक गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद, 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने धरनीधर पाठक को मृत घोषित कर दिया। विमला और निर्मला का इलाज ड्रमंडगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मृतक के साथ दूसरी बाइक पर उनके बेटे मोनू पाठक और दूसरी बहू रंजना पाठक भी जा रहे थे। हादसे को देखकर रंजना पाठक सदमे में सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, उनका भी इलाज जारी है। कोरांव पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार शाम करीब 4 बजे शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। धरनीधर पाठक चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके एक पुत्र दुर्गेश कुमार पाठक हैं।