PRAYAGRAJ NEWS: बंगाल व असम सहित तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का उत्साह गांवों में दिखने को मिल रहा है। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के तत्वावधान में बिजलीपुर मजरा पांडेय के पूरा में ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर मिठाइयों के साथ विजय उत्सव मनाया। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर पूरे गांव में भ्रमण किया। इस दौरान जय श्रीराम एवं पार्टी के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाए गए। जीत की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पटाखे फोड़कर अपनी हर्ष जताया। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. रमापति त्रिपाठी ने कहा कि यह जीत केवल एक पार्टी की नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति के प्रति जनता के अटूट विश्वास की जीत है। बंगाल, असम जैसे राज्यों में मिली यह सफलता दर्शाती है कि जनता अब तुष्टीकरण की राजनीति को नकार कर विकास, सुरक्षा को चुन रही है। यहां जिला उपाध्यक्ष अंजनी पांडेय, बॉबी जायसवाल, प्रेमशंकर पांडेय, सुभाष विश्वकर्मा, मनजीत विश्वकर्मा आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





