Home उत्तर प्रदेश सभासदों से अभद्रता पड़ी भारी, नगर पंचायत शंकरगढ़ में कार्यालय सहायक बर्खास्त,...

सभासदों से अभद्रता पड़ी भारी, नगर पंचायत शंकरगढ़ में कार्यालय सहायक बर्खास्त, कर्मचारियों में हड़कंप

SHANKARGARH/PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत शंकरगढ़ में अनुशासनहीनता और जनप्रतिनिधियों के साथ अमर्यादित व्यवहार के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एडीएम नगर सत्यम मिश्रा के निर्देश पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात कार्यालय सहायक अशोक यादव को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, अशोक यादव की नियुक्ति मेसर्स जय माँ काली सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज के जरिए हुई थी। उन पर निर्वाचित सभासदों के साथ बार-बार अभद्रता और असम्मानजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप थे। इसको लेकर सभासदों ने कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत भी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि संबंधित कर्मचारी को पहले भी मौखिक चेतावनी देकर सुधार का मौका दिया गया था, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया।
अधिशासी अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अशोक यादव को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया गया है कि उनके स्थान पर शीघ्र ही एक योग्य और अनुशासित कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यालय के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। इस कार्रवाई पर नगर पंचायत के सभासदों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी कर्मचारी का अमर्यादित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन के इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे अन्य कर्मचारियों को भी अनुशासन का स्पष्ट संदेश मिलेगा। स्थानीय नागरिकों का भी मानना है कि सरकारी दफ्तरों में कार्य संस्कृति सुधारने और आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की सख्ती बेहद जरूरी है।