Home उत्तर प्रदेश तालाब से पानी निकासी पर बवाल, प्रशासन ने बैठाई जांचप्रातःकाल

तालाब से पानी निकासी पर बवाल, प्रशासन ने बैठाई जांचप्रातःकाल

PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत डीही खुर्द स्थित तालाब संख्या 275 को लेकर विवाद गहरा गया है। तालाब के मछली पालन हेतु पट्टा आवंटन की प्रक्रिया अभी जारी है और फिलहाल किसी भी व्यक्ति को इसका अधिकारिक स्वामित्व नहीं मिला है। इसी बीच गांव निवासी सोनू बिन्द (पुत्र संतोष बिन्द) द्वारा तालाब में मोटर लगाकर पानी निकाले जाने का मामला सामने आया है। लगातार पानी निकाले जाने से तालाब के सूखने की आशंका बढ़ गई, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। कई बार समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने अपनी गतिविधि नहीं रोकी, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान रेखा देवी ने उपजिलाधिकारी कोरांव को लिखित शिकायत देकर हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत में तालाब से अवैध रूप से पानी निकासी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई और पट्टा स्वीकृत होने तक किसी भी व्यक्ति द्वारा तालाब पर एकाधिकार न किए जाने की बात प्रमुख रूप से उठाई गई।
उपजिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कानूनगो, क्षेत्रीय लेखपाल और थाना खीरी पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए। निर्देश के अनुपालन में क्षेत्रीय लेखपाल अरविंद पटेल मौके पर पहुंचे और संबंधित व्यक्ति को सख्त चेतावनी देते हुए पानी निकासी बंद कराने की कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक तालाब का पट्टा विधिवत स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति उस पर व्यक्तिगत अधिकार नहीं जता सकता और न ही ग्रामीणों को मछली पकड़ने से रोका जा सकता है। प्रशासन की सक्रियता के बाद गांव में स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है और ग्रामीणों ने कार्रवाई पर संतोष जताया है।