Home उत्तर प्रदेश 12 जुलाई के वृक्षारोपण महायज्ञ को जनआंदोलन बनाने पर जोर, डीएम ने...

12 जुलाई के वृक्षारोपण महायज्ञ को जनआंदोलन बनाने पर जोर, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

लक्ष्य के अनुरूप पौधों का उठान कर समय पर रोपण के निर्देश
16 से 22 जुलाई तक “भूजल सप्ताह” मनाकर जल संरक्षण के प्रति किया जाएगा जागरूक
FATEHPUR NEWS: आगामी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं भूजल सप्ताह के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ को जनआंदोलन का स्वरूप देकर सफल बनाया जाए। जिन विभागों ने अभी तक लक्ष्य के अनुरूप पौधों का उठान नहीं किया है, वे तत्काल पौधों का उठान कर चिन्हित स्थलों पर पौधरोपण सुनिश्चित करें। उन्होंने रोपित पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी कार्ययोजना के अनुसार चिन्हित स्थानों पर पौधरोपण कराएं तथा प्रत्येक स्थल की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और जियो टैगिंग भी कराई जाए। जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से अपने-अपने लाभार्थियों को भी एक-एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनभागीदारी के बिना वृक्षारोपण अभियान की सफलता संभव नहीं है। बैठक में 16 से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले “भूजल सप्ताह”* की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप भूगर्भ जल स्तर को बढ़ाने और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत, विकासखंड और जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच सोक पिट का निर्माण कराया जाए तथा आमजन को जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।