Home उत्तर प्रदेश हरित भविष्य के संकल्प के साथ उत्तर मध्य रेलवे का विश्व पर्यावरण...

हरित भविष्य के संकल्प के साथ उत्तर मध्य रेलवे का विश्व पर्यावरण दिवस अभियान संपन्न

PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े का समापन शनिवार को रेलगाँव कॉलोनी, सूबेदारगंज एवं स्पंदन क्लब में पर्यावरण संरक्षण विषयक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस वर्ष अभियान की थीम “क्लाइमेट चेंज” रही। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण, जल एवं बिजली की बचत, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल देश का सबसे पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन माध्यम है और उत्तर मध्य रेलवे पर्यावरण संरक्षण को अपनी कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग मानते हुए लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। उन्होंने सभी को हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के दौरान उत्तर मध्य रेलवे ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाते हुए कुल 141 कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान साइकिल रैली, श्रमदान, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, वृहद वृक्षारोपण अभियान, विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ कपड़े के थैले एवं स्टील की बोतलों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अभियान के लिए 19 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री अनिल कुमार द्विवेदी ने पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में प्रकृति की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों पर आधारित विशेष वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा  हीमा चैहान सिंह, सचिव  साधना कुमार, सदस्य  राखी द्विवेदी एवं  श्रुति सचान सहित विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। संपूर्ण पखवाड़े एवं समापन समारोह का सफल संचालन मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।