Home उत्तर प्रदेश हज यात्रा 2027 को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित, यात्रियों को दिए गए...

हज यात्रा 2027 को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित, यात्रियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

JHANSI NEWS : मदरसा इस्लामिया जामा मस्जिद निस्वा (मिनी आईटीआई, बाहर दतिया गेट, झांसी) में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति द्वारा हज यात्रा-2027 के लिए प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव मोहम्मद तारिक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य कमरुद्दीन उर्फ जुगनू भाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला हज ट्रेनर हाजी हाफिज निजामुल हक सिद्दीकी ने बताया कि हज यात्रा-2026 से लौटे यात्रियों से उनके यात्रा अनुभव, सुझाव एवं व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही वर्ष 2027 में हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे इच्छुक यात्रियों को यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी, दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि कमरुद्दीन उर्फ जुगनू भाई ने कहा कि हज यात्रा एक पवित्र एवं अनुशासित धार्मिक यात्रा है, जिसके लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करना बेहद जरूरी है। उन्होंने यात्रियों को पासपोर्ट, आवश्यक दस्तावेज, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, प्रशिक्षण एवं अन्य औपचारिकताओं को समय पर पूरा करने की सलाह दी। साथ ही हज यात्रा को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव मोहम्मद तारिक ने अपने संबोधन में कहा कि हज यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा भारत एवं सऊदी अरब सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है। उन्होंने यात्रियों से प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेने तथा यात्रा से संबंधित सभी जानकारी समय-समय पर प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एसएचआई मौलाना मोहसिन खान ने भी हाजियों को संबोधित करते हुए धार्मिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मास्टर अलीम अहमद खान ने किया, जबकि अंत में हाफिज मोहम्मद मोमिन खान ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हज यात्रा के इच्छुक अभ्यर्थी, हज यात्री, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य हज यात्रा-2027 के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा यात्रियों को समय रहते आवश्यक तैयारियों के लिए प्रेरित करना रहा.