Home उत्तर प्रदेश दीक्षांत समारोह से पहले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ के तहत स्वास्थ्य...

दीक्षांत समारोह से पहले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ के तहत स्वास्थ्य शिविर

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आगामी दीक्षांत समारोह से पूर्व छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देश तथा कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में देवी अहिल्याबाई छात्रावास में आयोजित हुआ। शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों की लगभग 150 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने कहा कि “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा व्यक्तित्व विकास की सबसे मजबूत आधारशिला हैं।” उन्होंने छात्राओं से नियमित व्यायाम, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. मोनिका गुप्ता ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, सहायक कुलसचिव शेख अंजुम ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रावासों की वार्डन डॉ. सोमा, डॉ. श्वेता पाण्डेय, डॉ. ममता सिंह, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. सुमिरन एवं डॉ. दीप्ति की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का समन्वय महिला अध्ययन केंद्र की डॉ. अचला पाण्डेय एवं डॉ. नेहा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. शिल्पा मिश्रा, डॉ. शुभागी, डॉ. रितु सिंह, डॉ. रितु शर्मा, डॉ. गुंजा, डॉ. राधिका, डॉ. रानी, डॉ. सुधा दीक्षित, डॉ. शिप्रा वशिष्ठ एवं डॉ. प्रेमलता सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पवन कुमार (फार्मासिस्ट), दीपा यादव (स्टाफ नर्स) एवं शाहिद सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित पोषण अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।