Home उत्तर प्रदेश नाबालिक बालिका के लापता होने पर परिजनों ने आईजी  से लगाई न्याय...

नाबालिक बालिका के लापता होने पर परिजनों ने आईजी  से लगाई न्याय की गुहार

JHANSI NEWS: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी निवासी एक महिला ने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री के लापता होने के मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए आईजी से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि कई दिनों से बेटी लापता है, लेकिन स्थानीय पुलिस ने अब तक उसकी बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की। प्रार्थिया पूनम सिंह परिहार, पत्नी कोतिक भांवरे, निवासी डिपो के पास, हंसारी, थाना प्रेमनगर ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री हिमाक्षी उर्फ कात्या 13 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे घर से लापता हो गई थी। इसकी सूचना उसी दिन हंसारी चौकी तथा 14 जुलाई को प्रेमनगर थाने में दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने आरोप लगाया कि एक युवक उनकी पुत्री को लंबे समय से बहला-फुसलाकर अपने संपर्क में रखे हुए था। घटना से पहले बेटी के मोबाइल पर उसके संदेश भी मिले थे। परिजनों ने पूर्व में भी आरोपी एवं उसके परिवार को बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद संपर्क जारी रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बालिका के लापता होने के बाद आरोपी और उसके परिजन लगातार शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं तथा कथित रूप से धमकी दे रहे हैं कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो बालिका को जान से मार देंगे। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसकी जानकारी भी पुलिस को दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। पूनम सिंह परिहार ने आईजी से मांग की है कि उनकी नाबालिग पुत्री की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित कराई जाए तथा आरोपित सुप्पी अहिरवार एवं उसके परिजनों के विरुद्ध विधि सम्मत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।