Home उत्तर प्रदेश अयोध्या में चढ़ावे में चंदा चोरी तथा पेपर लीक पर संसद सत्र...

अयोध्या में चढ़ावे में चंदा चोरी तथा पेपर लीक पर संसद सत्र में सरकार को घेरेगी कांग्रेस:प्रमोद तिवारी

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने मोदी सरकार पर असफलताओं को लेकर बोला हमला
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने संसद के मानसून सत्र में विपक्ष की ओर से अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे में हुई चंदा चोरी तथा नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में हुए पेपर लीक व पेट्रोल में एथनाॅल को चर्चा के लिए अहम मुद्दे का एलान किया है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों भगवान श्रीराम के भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भगवान श्रीराम के मंदिर का चन्दा ही नहीं चुराया गया है बल्कि जनता के विश्वास और आस्था पर भी डाका डाला गया है। उन्होंने कहा कि यह एक गम्भीर और अक्षम्य अपराध है। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद सत्र में नीट सहित तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक पर भी विपक्ष की ओर से सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित कराने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट जैसे तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना महज इत्तेफाक नहीं था, बल्कि भारतीय जनतापार्टी ने जान बूझकर एक सुनियोजित ढंग से पेपर लीक कराया है। वहीं राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने पेट्रोल में एथनाॅल मिलाया जा रहा है, जबकि देश में उसके लायक वाहनों के इंजन नहीं है। उन्होंने कहा कि एथनाॅल युक्त पेट्रोल से वाहनों के इंजन खराब हो रहे है। सांसद प्रमोद तिवारी के मुताबिक यह मिलावट केन्द्र की मोदी सरकार के द्वारा साजिशन पैसा कमाने के लिये किया जा रहा है। वहीं उन्होंने मणिपुर में फिर से हिंसा भड़कने और किसानों के फसल उत्पादन को लेकर हो रही अव्यवस्था एवं महंगाई तथा बेरोजगारी पर भी संसद सत्र में मोदी सरकार की घेराबंदी का एलान किया। सांसद प्रमोद तिवारी का बयान रविवार को यहां मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।