MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) बड़ी बसही स्थित सेमफोर्ड स्कूल में रविवार को मातृ दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और नाटिका प्रस्तुत कर मां के त्याग, ममता और महत्व को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशु अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि नम्रता अग्रवाल, श्वेता बंका, आशा अग्रवाल, शिप्रा बरनवाल एवं विवेक बरनवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि सृष्टि की सबसे बड़ी शक्ति है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक मैशअप डांस प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा छह और सात के छात्रों ने यशोदा-कृष्ण और देवकी के संबंधों पर आधारित नृत्य नाटिका पेश कर दर्शकों को भावुक कर दिया। कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने ‘मेरी प्यारी मां’ गीत पर प्रस्तुति दी, जबकि अन्य बच्चों ने ‘ऊंगली पकड़ के तूने’ गीत पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। माताओं के लिए ब्लाइंड फोल्ड गेम, कुक स्मार्ट और लुक स्मार्ट प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फैशन शो के दौरान माताओं के आत्मविश्वास और प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा। विद्यालय के डायरेक्टर विवेक बरनवाल और शिप्रा बरनवाल ने कहा कि बच्चे के चरित्र निर्माण में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मुख्य अतिथि अंशु अग्रवाल ने माताओं के सम्मान को समाज की पहली प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम के अंत में विजेता माताओं को पुरस्कृत किया गया। प्राथमिक विंग कोऑर्डिनेटर वाहिदा बानो ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



