PRAYAGRAJ NEWS: नेता वह नहीं जो रास्ता दिखाए, बल्कि वह है जो रास्ता बनाए” कृ इसी प्रेरणादायक संदेश के साथ शनिवार को प्रयागराज स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज में नए सत्र 2026-27 के लिए अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नव निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने की शपथ ली। कार्यक्रम का शुभारंभ वेरोनिका पॉल द्वारा बाइबल पाठ से किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम संचालिका सुमेना बनर्जी ने मुख्य अतिथि फादर लूर्ड्स मार्केनहस (विशप इलाहाबाद डायसिस), विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर वॉल्टर डिसिल्वा, हेड मास्टर फादर मेल्विन पेस, एडमिनिस्ट्रेटर फादर ग्लाडविन फर्नांडिस, स्कूल एडमिनिस्ट्रेटर ए. भगवत, स्टाफ कोऑर्डिनेटर ज्योति दुबे एवं मिडिल स्कूल कोऑर्डिनेटर अपर्णा रंजन का स्वागत किया। प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय क्वायर द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना गीत ने वातावरण को आध्यात्मिक और गरिमामय बना दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण तब रहा जब विशप, प्रधानाचार्य एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा छात्र परिषद के नव निर्वाचित सदस्यों को बैज और सेश पहनाए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और अपने बच्चों को नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालते देख गौरवान्वित महसूस किया। समारोह में कॉलेज कैप्टन पद पर अनेश के० जॉन को नियुक्त किया गया, जबकि कॉलेज वाइस कैप्टन के रूप में वरद शुक्ला ने शपथ ली। विभिन्न हाउस कैबिनेट एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी उनके दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान सभी नव नियुक्त छात्र नेताओं ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को अनुशासित, विनम्र एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य फादर वॉल्टर डिसिल्वा ने कहा कि बैज और सेश केवल सम्मान के प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का परिचायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा और नेतृत्व के बीच संतुलन बनाए रखने की सीख दी तथा अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सेवा भावना को नई दिशा प्रदान की।







