फल व्यापारी ने चोरी गई साइकिल बरामद करने की लगाई गुहार, पुलिस जांच में जुटी
FATEHPUR NEWS: कस्बा असोथर में एक फल व्यापारी की साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर साइकिल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कस्बा निवासी फल व्यापारी रहीश राइन ने बताया कि 13 जुलाई को उन्होंने अपनी साइकिल दुकान के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर साइकिल गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब साइकिल का पता नहीं चला तो उन्होंने थाना असोथर में लिखित शिकायत दी। पीड़ित के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक व्यक्ति उनकी साइकिल ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन शिकायत के कई दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने भी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में कस्बा इंचार्ज राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







