Home उत्तर प्रदेश शिक्षा और छात्रों के मुद्दों को लेकर आज अफोई से प्रेमनगर चौराहा...

शिक्षा और छात्रों के मुद्दों को लेकर आज अफोई से प्रेमनगर चौराहा तक निकलेगी विशाल पदयात्रा

FATEHPUR NEWS: शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के अधिकारों और विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आज थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में अफोई से प्रेमनगर चौराहा तक लगभग पांच किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार पदयात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक पदयात्रा सुबह 9 बजे रामपुर कॉलोनी (अफोई) स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से प्रारंभ होकर प्रेमनगर चौराहा तक जाएगी। पदयात्रा के दौरान डीजे और बैंड-बाजे के साथ प्रतिभागी शिक्षा, संविधान और छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता का संदेश देंगे। आयोजकों ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की रक्षा तथा संविधान प्रदत्त अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी। पदयात्रा के दौरान प्रमुख मांगों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाने तथा जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित बुलडोजर कार्रवाई न किए जाने की मांग शामिल है। आयोजकों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से इस पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।