Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मेगा कैंप की सफलता को लेकर जिला जज...

राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मेगा कैंप की सफलता को लेकर जिला जज की अध्यक्षता में हुई प्री-ट्रायल बैठक

SIDHARTHNAGAR NEWS: (ओजै़र खान) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान 3.0 और मेगा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला जज ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, मध्यस्थों और पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) को राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मेगा विधिक शिविर के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वादों के त्वरित निस्तारण, मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सुलह-समझौते को बढ़ावा देने और आमजन तक विधिक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) त्रिभुवन नाथ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभव कटियार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अरुण कुमार-चतुर्थ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ तथा चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल अश्वनी मिश्रा उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ मध्यस्थ नवनीत कुमार द्विवेदी, राघव प्रसाद त्रिपाठी, द्विजेन्द्र मणि, सुशील चंद्र शुक्ला और बड़ी संख्या में पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) व विधिक परामर्शदाता मौजूद रहे।