SIDHARTHNAGAR NEWS: (ओजै़र खान) आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में पटाखा दुकानों की सघन जांच की। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में शनिवार को उपजिलाधिकारी डुमरियागंज व क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से थाना क्षेत्र डुमरियागंज की विभिन्न पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में पटाखों के वैध भंडारण, निर्धारित स्टॉक सीमा और विस्फोटक सामग्री की क्षमता से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की। इसके अलावा दुकानों में आग से बचाव के लिए उपलब्ध अग्निशमन यंत्र, रेत से भरी बाल्टियां, पानी की व्यवस्था और आपातकालीन निकासी मार्गों की स्थिति जांची गई। एसडीएम और सीओ ने सभी पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिया कि निर्धारित क्षमता से अधिक भंडारण न करें और अग्नि सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखें, ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।







