FATEHPUR NEWS: इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार फिट इंडिया मूवमेंट और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। रेडक्रॉस भवन से स्पोर्ट्स स्टेडियम तक निकाली गई साइकिल रैली को जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. निशात शहाबुद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों, स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों, सदाशिव इंटर कॉलेज रेल बाजार, विद्या त्रिपाठी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान प्रतिभागी “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ”, “साइकिल चलाओ, ईंधन बचाओ” और “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे जागरूकता संदेशों वाले नारे लगाते हुए आगे बढ़े। इस अवसर पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल बचाओ अभियान को लेकर रेडक्रॉस सोसाइटी पूर्व में भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाती रही है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनना होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईंधन की बचत और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दें। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से सभी प्रतिभागियों को बिस्कुट वितरित किए गए। इस दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन डॉ. विवेक श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र अग्निहोत्री, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, आजीवन सदस्य डॉ. वकील अहमद सिद्दीकी, आशीष गौड़ एडवोकेट, उमेश कुमार श्रीवास्तव, गोरेलाल लोधी, जितेंद्र शुक्ल (सेवानिवृत्त एयर फोर्स अधिकारी), शैलेंद्र सिंह भदौरिया, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, सुजीत सिन्हा, अंगद सिंह चंदेल, मनीष सिंह, संजय गुप्ता, हिमांशु श्रीवास्तव, कौशल कुमार श्रीवास्तव, अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षक एथलेटिक्स मोहम्मद आरिफ खान, खेलो इंडिया के जितेंद्र यादव, हैंडबॉल के मोहित यादव, क्रिकेट के पुष्पेंद्र सिंह, क्रीड़ा भारती के शुभम पाल, आर्मी ट्रेनिंग के अभिनेष मौर्य, आचार्य रामनारायण, सुधांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







