Home उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कुंडा ब्लॉक में बहु-विभागीय कार्यक्रम,...

सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कुंडा ब्लॉक में बहु-विभागीय कार्यक्रम, चिकित्सा शिविर व योजनाओं की दी गई जानकारी

PRATAPGARH NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड कुंडा परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से एक संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मुफ्त दवाएं प्राप्त कीं। शिविर में डॉ. विशेष कुमार राय, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, फार्मासिस्ट नवीन कुमार त्रिपाठी, रमाकांत त्रिपाठी, वार्ड बॉय अनुज मौर्य एवं दिलीप कुमार की सक्रिय भूमिका रही। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सीडीपीओ प्रियंका गुप्ता के निर्देशन में गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दो गर्भवती महिलाओं को पोषण सामग्री देकर उनका सम्मान किया गया और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कृषि विभाग ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। किसानों के लिए फार्म रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई गई और उन्हें कृषि संबंधी योजनाओं व नई तकनीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान वरिष्ठ प्राविधिक सहायक कमलेश कुमार वर्मा एवं बीटीएम इम्तियाज अहमद अंसारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी कुंडा प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी बाबागंज राजेंद्र नाथ पांडे, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) केवल प्रसाद सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सहायक विकास अधिकारी प्रभुनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जबकि सीनियर बोरिंग टेक्नीशियन लाल बहादुर सिंह ने निशुल्क बोरिंग योजना के बारे में लोगों को अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, और इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इस दौरान ग्राम प्रधान इटौरा गौरव त्रिपाठी, दिलेरगंज के प्रधान श्री मौर्य एवं मिरिया के प्रधान संतोष सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।