JHANSI NEWS: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झांसी ने रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक रेलवे, झांसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे चोरी एवं लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना जीआरपी झांसी पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन झांसी के दिल्ली छोर स्थित कोईले की केबिन के पीछे चित्रा चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लल्लू पुत्र जगदीश रैदास निवासी ग्राम गोरेरी, मोहल्ला मेंढार, थाना जमालपुर, जनपद बांदा के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना जीआरपी झांसी में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं उसके खिलाफ पूर्व में भी बांदा जनपद में चोरी एवं रेलवे एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन पर यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, कांस्टेबल ऋषभ तिवारी एवं कांस्टेबल भास्कर शुक्ला शामिल रहे।







