Home उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई की जन्मतिथि पर वीरांगनाओं संग दी गई 19वीं मासिक सलामी,...

रानी लक्ष्मीबाई की जन्मतिथि पर वीरांगनाओं संग दी गई 19वीं मासिक सलामी, संस्थान सम्मानित

JHANSI NEWS: मानव विकास संस्थान के तत्वावधान में महारानी लक्ष्मीबाई की जन्मतिथि के अवसर पर सदर बाजार स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ 19वीं मासिक सलामी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर पी.एन. गुप्ता ने की, जबकि राष्ट्रीय कन्वीनर अशोक अग्रवाल ‘काका’ के सानिध्य एवं रमेश कुमार दुबे के संयोजन में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद उपस्थित वक्ताओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि रानी की वीरता की गाथा केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की महिला संयोजिका नीलम अग्रवाल ने महारानी लक्ष्मीबाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं और नई पीढ़ी से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने “महारानी लक्ष्मीबाई अमर रहें”, “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ रानी लक्ष्मीबाई को सामूहिक सलामी एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में चेयरपर्सन डॉ. केश गुप्ता, उमा रानी, रीना, अंजू, आशा, शोभा, अंजना, सदर विधायक समाधान प्रतिनिधि रोहित यादव, अरुण शर्मा, अजय श्रीवास्तव, रामाधीन यादव, कुमार माते, अभिषेक देव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सदर विधायक समाधान प्रतिनिधि रोहित यादव ने मानव विकास संस्थान द्वारा निरंतर आयोजित किए जा रहे मासिक सलामी कार्यक्रम की सराहना करते हुए संस्थान को महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कोर कमेटी चेयरमैन डॉ. ध्रुव सिंह यादव ने किया, जबकि अंत में सचिव अनिल कुमार साहू ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।