MIRZAPUR NEWS: आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक), मीरजापुर दिनेश कुमार दुबे की अध्यक्षता में उपायुक्त, राज्य कर, खंड-1 अंजेश बरनवाल और उपायुक्त, खंड-2 दुर्गेश यादव ने अपने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बाजीराव कटरा स्थित होटल कृष्णा पैलेस के हॉल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में खंड-1 और खंड-2 के सम्मानित व्यापारियों/करदाताओं व व्यापार बंधु पदाधिकारियों ने सहभागिता की। सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त अंजेश बरनवाल और दुर्गेश यादव ने बताया कि आज के संवाद का उद्देश्य राजस्व संग्रह में वृद्धि, अधिकाधिक व्यापारियों का जीएसटी में पंजीकरण, जीएसटी 2.0 सुधार, जीएसटी अनुपालन व संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए व्यापारीगण के सुझावों को प्राप्त करना और उनका समाधान उपलब्ध कराना है। उपस्थित व्यापारियों और अधिवक्ताओं द्वारा जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आई.टी.सी.), ई-वे बिल, पंजीकरण एवं अन्य कर संबंधी विषयों पर अपने प्रश्न एवं समस्याएँ प्रस्तुत की गईं। संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दुबे ने इन जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा कर-अनुपालन को सरल एवं सुगम बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। व्यापारियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का संज्ञान लेते हुए दुबे ने उनके उचित निराकरण हेतु आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दिनेश कुमार दुबे, संयुक्त आयुक्त,अंजेश बरनवाल, दुर्गेश यादव, उपायुक्त ओम प्रकाश शुक्ला, विनोद कुमार, सहायक आयुक्त के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष/नगर अध्यक्ष शत्रुघ्न केसरी, जिलाध्यक्ष शिव मुंदड़ा, महिला जिलाध्यक्ष उमा बरनवाल, महिला जिला महामंत्री नमिता केसरवानी, महिला नगर अध्यक्ष अनीता गुप्ता, युवा नगर अध्यक्ष अमन दुबे, मशीनरी ट्रेड अध्यक्ष अमित केशरी, इलेक्ट्रॉनिक अध्यक्ष ध्रुव अग्रवाल, मोहन दास अग्रवाल, आशीष बुढ़िया तथा अधिवक्ता प्रतिनिधि कुलदीप खंडेलवाल, मनोज मैनी, मनोज अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव आदि अनेक व्यापारी व अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा विभाग एवं व्यापारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने में उपयोगी सिद्ध हुआ।







