डीएम ने बच्चों संग मनाया खुशी का पल
FATEHPUR NEWS: विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया तथा लोगों को अधिक से अधिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे कृष्णा का जन्मदिन भी विशेष रूप से मनाया गया। जिलाधिकारी ने बच्चे के साथ केक काटकर उसे खिलाया और उपहार भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का यह भावुक पल सभी के लिए खास बन गया। जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने समाज के लोगों से आगे आकर नियमित रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने रक्तदानियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. निशात शहाबुद्दीन, कृष्ण कुमार सिंह, शहनूर आलम, नीरज श्रीवास्तव, ज्योत्सना श्रीवास्तव, चैतन्य कुमार, मुजाहिद खान, दीपक कुमार, सचिन कुमार गुप्ता, विनोद कुमार, जगदीश मौर्य एडवोकेट तथा मुहम्मद बिलाल शामिल रहे। इसके बाद जिलाधिकारी और रेडक्रॉस अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव ने गोद लिए गए 21 क्षय रोगियों को पोषण सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।







