Home उत्तर प्रदेश विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, बच्चों और महिलाओं को दी गई कानूनी...

विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, बच्चों और महिलाओं को दी गई कानूनी जानकारी

FATEHPUR NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, जोनिहा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में एक्शन प्लान के तहत संपन्न हुआ। शिविर में सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर पलाश गांगुली एवं पराविधिक स्वयं सेवक लोक नाथ पाण्डेय ने छात्रों को उनके अधिकारों, निःशुल्क शिक्षा तथा विधिक सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करें। इसी क्रम में पराविधिक स्वयं सेवक श्री राम कृष्ण ने उपस्थित लोगों को महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल कल्याण योजना के बारे में विस्तार से बताया और उससे मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। शिविर के दौरान महिलाओं की विधिक समस्याओं को भी सुना गया और उन्हें आवश्यक कानूनी सलाह प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना रहा।