Home उत्तर प्रदेश स्कूल चलो अभियान में तेजी लाने के निर्देश, कोई बच्चा न रहे...

स्कूल चलो अभियान में तेजी लाने के निर्देश, कोई बच्चा न रहे ड्रॉपआउट: डीएम

FATEHPUR NEWS:  बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा गठित टास्क फोर्स के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बच्चों का अधिकतम नामांकन सुनिश्चित किया जाए और विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी बच्चा स्कूल से ड्रॉपआउट न रहे। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन कम हुआ है, वहां संबंधित प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर स्थिति में सुधार किया जाए। बैठक में निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए डीएम ने कक्षा 1 से 3 तक के सभी बच्चों का हर माह शत-प्रतिशत असेसमेंट कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें बुनियादी शिक्षा में दक्ष बनाया जा सके। साथ ही आरटीई के तहत चयनित बच्चों का संबंधित विद्यालयों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्र के स्कूलों में टाइलीकरण और फर्नीचर की कमी को जल्द दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण में तेजी लाने और पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में निर्माण कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया गया। खजुहा ब्लॉक में कक्षा 5 से 6 में कम नामांकन पाए जाने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों की पंचायतवार सूची तैयार करने तथा विद्यालयों में आरबीएसके टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण का रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।