Home उत्तर प्रदेश लाल बहादुर शास्त्री चौक का हुआ सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लाल बहादुर शास्त्री चौक का हुआ सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

FATEHPUR NEWS: वृक्ष धरा के भूषण, करते दूर प्रदूषण की भावना को साकार करते हुए इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के पर्यावरण प्रमुख डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सिविल लाइंस सभासद विनय तिवारी की प्रेरणा से लाल बहादुर शास्त्री चौक का सौंदर्यीकरण कराया। इस पहल का उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा लाल बहादुर शास्त्री चौक पर 15 सजावटी एवं छायादार पौधों को गमलों सहित स्थापित कराया गया। इनमें टेक्सेस, बेला, मनोकामनी, नागचंपा, ड्रेसिया, कैरी कैचर, मधुमालती, मंडेला, मिर्ची गुड़हल तथा फाइकस सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। सभी पौधे एमजी नर्सरी से लाकर चौक पर लगाए गए। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल करे, तो शहर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण करें और लगाए गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लें। इससे न केवल पर्यावरण संतुलित रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में राकेश वर्मा एडवोकेट, सिविल लाइंस सभासद विनय तिवारी, संजय कुमार श्रीवास्तव, अमित शिवहरे एवं सुरेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।