Home उत्तर प्रदेश 55वें जन्मदिन पर राजेंद्र कुमार गुप्ता ने किया रक्तदान, समाज को दिया...

55वें जन्मदिन पर राजेंद्र कुमार गुप्ता ने किया रक्तदान, समाज को दिया मानवता का संदेश

FATEHPUR NEWS: जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर समाजसेवा का माध्यम बनाने की एक प्रेरणादायक मिसाल हजारी लाल फाटक चौक निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र कुमार गुप्ता ने पेश की। उन्होंने अपने 55वें जन्मदिन के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के अभियान में सहभागिता निभाई। राजेंद्र कुमार गुप्ता ने ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के वरिष्ठ सदस्य अजय कुमार साहू की प्रेरणा से मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर रक्तदान किया। उनका कहना था कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित करना सबसे बड़ा उत्सव है। रक्तदान के बाद मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने राजेंद्र कुमार गुप्ता को प्रशस्ति पत्र, डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि जन्मदिन को यादगार बनाने का सबसे अच्छा तरीका रक्तदान है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के लिए कुछ यूनिट रक्त जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है। यदि व्यक्ति स्वस्थ है तो उम्र कोई बाधा नहीं है और प्रत्येक सक्षम नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से भी आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी भी अस्पताल में मरीजों की जरूरत केवल लोगों के स्वैच्छिक सहयोग से ही पूरी हो सकती है। इस दौरान सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह एवं अजय कुमार साहू तथा मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव और विष्णु मौजूद रहे। सभी ने राजेंद्र कुमार गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।