Home उत्तर प्रदेश मानदेय भुगतान में अनियमितता पर भड़के पशु मित्र, सीवीओ को सौंपा ज्ञापन

मानदेय भुगतान में अनियमितता पर भड़के पशु मित्र, सीवीओ को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: पशुपालन विभाग में कार्यरत पैरावेट, पशु मित्र एवं कार्यकर्ताओं ने मानदेय भुगतान में लगातार हो रही अनियमितता और विलंब को लेकर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) वेदव्रत गंग्वार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। ऑल पैरावेट/पशु मित्र एवं कार्यकर्ता सेवा समिति संघ की जिला इकाई ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में सीवीओ को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पैरावेट, पशु मित्र एवं विभागीय कार्यकर्ता लंबे समय से पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक संकट के साथ-साथ विभागीय कार्यों के संचालन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि शासन स्तर पर नियमित मानदेय भुगतान का आश्वासन कई बार दिया गया, लेकिन निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जा सका। वर्ष 2025 से लंबित मानदेय के संबंध में विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। 14 जुलाई 2025 को मानदेय भुगतान के निर्देश जारी किए गए थे, जबकि 13 जनवरी 2026, 23 जनवरी 2026 सहित अन्य तिथियों पर भी भुगतान प्रक्रिया संचालित किए जाने की जानकारी दी गई, लेकिन अधिकांश कार्यकर्ताओं को अब तक नियमित भुगतान प्राप्त नहीं हो सका। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बीमा प्रक्रिया के लिए आवश्यक धनराशि भी अब तक जारी नहीं की गई है, जिससे संबंधित कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि मानदेय भुगतान में लगातार हो रही देरी से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है और पशुपालन विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि सभी पात्र पैरावेट, पशु मित्र एवं विभागीय कार्यकर्ताओं का मानदेय प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर नियमित रूप से जारी किया जाए तथा लंबित देयकों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही बीमा संबंधी लंबित धनराशि भी शीघ्र जारी की जाए। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 4 अगस्त 2026 तक नियमित मानदेय भुगतान के संबंध में स्पष्ट आदेश जारी नहीं किए गए तो 5 अगस्त 2026 से प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कार्यकर्ता लखनऊ तक पैदल मार्च करने के लिए भी बाध्य होंगे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार नामदेव, जिला मंत्री दीप नारायण शुक्ला, जिला महामंत्री गोपाल नारायण सिंह, संयोजक राजपाल सिंह यादव, जिला संगठन मंत्री श्याम मोहन मिश्रा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।