FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना इकाई कानपुर के तत्वावधान में गुरुवार को “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” जागरूकता अभियान के अंतर्गत उन्नाव-लालगंज राजमार्ग स्थित अकवाबाद टोल प्लाजा पर स्कूली बच्चों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम का आयोजन एनएचएआई पीआईयू कानपुर के परियोजना निदेशक पंकज यादव के निर्देशन तथा यूएचपीएल के परियोजना प्रबंधक अरुण सेंथिल और आनंद सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने विद्यालय से घर लौट रहे बच्चों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि सड़क पार करते समय हमेशा ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें, पहले दाएं-बाएं देखकर ही सड़क पार करें, यातायात संकेतों का पालन करें तथा राजमार्गों पर चलते समय पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी अनेक लोगों का जीवन बचा सकती है। आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि यदि स्कूली बच्चों को बचपन से ही सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा का ज्ञान दिया जाए तो भविष्य में सुरक्षित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की साइकिलों पर सुरक्षा की दृष्टि से लाल रंग के रेडियम स्टिकर भी लगाए गए, ताकि रात्रि अथवा कम रोशनी में उनकी साइकिल दूर से दिखाई दे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। कार्यक्रम में रूट पेट्रोलिंग प्रभारी अनुराग सिंह, पंकज मौर्य, संजीत कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा इस संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।







