JALAUN NEWS: जनपद में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। 28 जुलाई की रात से ही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कालपी, जालौन और माधोगढ़ तहसीलों से होकर बहने वाली यमुना नदी उफान पर है।
आज दोपहर 12 बजे कालपी केंद्र पर यमुना नदी का जलस्तर 106.370 मीटर दर्ज किया गया। जनपद में बाढ़ का चेतावनी बिंदु 107 मीटर और खतरे का बिंदु 108 मीटर है, ऐसे में नदी खतरे के निशान के बेहद करीब बह रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलस्तर में अभी और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। बाढ़ के कारण कालपी तहसील के दो गांव पड़री और रायड़दिवारा का संपर्क टूट गया है। इन गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने से लगभग 500 लोगों की आबादी प्रभावित हुई है। हालांकि, जनपद के अन्य किसी गांव में अभी तक आबादी प्रभावित होने की सूचना नहीं है। बाढ़ से कृषि भूमि को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कालपी तहसील के आठ, माधोगढ़ के छह और जालौन तहसील के पांच गांवों में कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए कमर कस ली है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संजय कुमार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रभावित व्यक्तियों की सुविधा के लिए जनपद में आवश्यकतानुसार 10 छोटी नाव और 6 बड़ी नाव तैनात की गई हैं। नदी के किनारे बसे सभी गांवों में बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं, जहां खाने, स्वास्थ्य सुविधाओं और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए भी भूसे, टीकाकरण और दवाओं का इंतजाम किया गया है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम जनपद में उपलब्ध है। कालपी, जालौन और माधोगढ़ के उपजिलाधिकारी सहित पूरी राजस्व टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर रही है। पंचायत राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी भी बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संजय कुमार ने बताया, “जिलाधिकारी जालौन द्वारा बाढ़ से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभी तक कोई जनहानि अथवा पशुहानि नहीं हुई है। क्षतिग्रस्त मकानों तथा फसल का सर्वे कराया जा रहा है जिससे त्वरित राहत पहुंचाई जा सके।” उन्होंने आगे बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया है और जलस्तर और बढ़ने की संभावना के कारण जिला प्रशासन की टीम लगातार सतर्क दृष्टि बनाए हुए है।





