SAHARANPUR NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एकदिवसीय दौरे पर सहारनपुर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सहारनपुर में रात्रि विश्राम भी करेंगे और इस दौरान वह जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की स्थिति और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री का आगमन सरसावा एयरपोर्ट पर विशेष विमान से होगा, जिसके बाद वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। प्रशासन को जैसे ही मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिली, वैसे ही नगर में सड़क, बिजली, पानी और यातायात व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। PWD विभाग सहित तमाम विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं कोई कोताही न हो। सूत्रों के अनुसार, व्यापारी संगठन GIS सर्वे से जुड़ी अपनी आपत्तियां सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकते हैं। इसके अलावा, हाल के दिनों में सामने आए कुछ आपराधिक मामलों और विवादों को लेकर भी मुख्यमंत्री अधिकारियों से सख्ती से जवाब ले सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस लाइन और आस-पास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है, बल्कि आगामी योजनाओं, नीतियों और कानून-व्यवस्था की दिशा तय करने वाला भी साबित हो सकता है।





