Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति 5.0′ के तहत खजुरिया शर्की में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित, साइबर...

मिशन शक्ति 5.0′ के तहत खजुरिया शर्की में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित, साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद सिद्धार्थनगर के थाना ढेबरुआ क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया शर्की में आयोजित इस ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ में महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों, नए कानूनों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को खुद के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध से बचने के तरीके सिखाए गए और क्षेत्र में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति 5.0’ के विशेष स्टीकर भी चस्पा किए गए। सम्मेलन में उपस्थित सभी बहू-बेटियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में सीधा फीडबैक लिया गया, जिसमें किसी भी महिला या बालिका द्वारा कोई समस्या या शिकायत नहीं बताई गई। पुलिस टीम ने उन्हें बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर प्रदेश के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल की स्थापना की गई है, जहाँ वे बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
इसके साथ ही पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कराने के लिए नए कानूनों की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे— 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर लाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 101 (अग्निशमन सेवा) और 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से बताया गया। इस सफल अभियान को जमीन पर उतारने में थाना ढेबरुआ की मिशन शक्ति टीम से उप-निरीक्षक सोमनाथ शर्मा, हेड कांस्टेबल दाहारी यादव और रिज़र्व महिला कांस्टेबल प्रिंशू ने मुख्य भूमिका निभाई।