SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष रिकवरी अभियान के तहत पथरा बाज़ार थाना पुलिस और जनपदीय साइबर सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित के फोन हैक कर क्रेडिट कार्ड से की गई 19,600 रुपए की धोखाधड़ी की पूरी रकम उसके खाते में वापस (रिफंड) करा दी है। जानकारी के मुताबिक, पथरा बाज़ार थाना क्षेत्र के ग्राम ककरा पोखर निवासी मो. शाकिर पुत्र सिराजुद्दीन ने बीते 29 मई 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप था कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर उनके क्रेडिट कार्ड से धोखे से 19,600 रुपए उड़ा लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पथरा बाज़ार थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में थाने की साइबर टीम गठित की गई। टीम ने जनपदीय साइबर सेल के समन्वय से तत्काल संबंधित बैंक और क्रेडिट कार्ड कंपनी से संपर्क साधा और तकनीकी पत्राचार के जरिए फ्रॉड की गई पूरी रकम पीड़ित के खाते में सुरक्षित वापस करा दी। अपने डूबे हुए पैसे वापस पाकर पीड़ित मो. शाकिर ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस ठगी का अनावरण कर रकम वापस कराने वाली सराहनीय पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक उदय नाथ मिश्र, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ‘बी’ अभितोष अवस्थी और महिला आरक्षी प्रतिभा सिंह शामिल रहीं।







