Home उत्तर प्रदेश महिला ने एसपी से लगाई गुहार, जाफरगंज पुलिस पर लगाया आरोप

महिला ने एसपी से लगाई गुहार, जाफरगंज पुलिस पर लगाया आरोप

मारपीट के बावजूद रिपोर्ट दर्ज न होने की शिकायत
FATEHPUR NEWS: जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए स्थानीय पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। शुक्लनपुर बरवा गांव निवासी रानी देवी का कहना है कि उनके साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट जाफरगंज थाने में दर्ज नहीं की गई। पीड़िता के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने घर के बाहर थीं, तभी उनके बटाईदार सुखलाल निषाद और उसकी पत्नी रेखा देवी से विवाद हो गया। रानी देवी ने दोनों से भूसा व कड़िया एक ओर रखने तथा अरहर के दाने इकट्ठा करने को कहा, जिस पर वे भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर सुखलाल ने डंडों से मारपीट की, जबकि रेखा देवी ने चप्पलों से हमला किया। इस घटना में रानी देवी के हाथ में गंभीर चोटें आईं। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। रानी देवी का कहना है कि घटना के दिन ही उन्होंने थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मेडिकल परीक्षण कराते हुए रिपोर्ट दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की है।