KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने बुधवार को महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुशीनगर का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संत राज सिंह बघेल उपकार के उपमहानिदेशक डॉ. सुशील कुमार सिंह बुद्ध पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनोद मिश्रा लोक निर्माण विभाग के अभियंता तथा वैज्ञानिक डॉ. हिमांशु तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने शैक्षणिक भवनों के कक्षों, पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन एवं छात्रावास का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सितंबर से शुरू होगा प्रवेश
महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों का प्रवेश यूपीकैटेट (UPCATET) के माध्यम से किया जाएगा। आगामी सितंबर सत्र से बी.एससी. कृषि तथा बी.टेक. शुगरकेन टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में दोनों पाठ्यक्रमों में 40-40 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों से छात्रों को कृषि क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर मिलेंगे। छात्र नवाचार एवं स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
कृषि क्रांति विश्वविद्यालय” बनेगा कुशीनगर
डॉ. संजय सिंह ने कहा कि महात्मा बुद्ध कृषि विश्वविद्यालय पूर्वांचल के किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह विश्वविद्यालय आधुनिक कृषि तकनीकों, अनुसंधान एवं नवाचार को किसानों तक पहुंचाकर कृषि उत्पादन, उत्पादकता एवं किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे किसानों के लिए “कृषि क्रांति विश्वविद्यालय” की संज्ञा दी।







