KUSHINAGAR NEWS: नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारी छपरा, पोस्ट खजुरी बाजार निवासी सविता देवी (27 वर्ष) पत्नी अखिलेश मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतका अपने पीछे 7 वर्षीय पुत्र देव मिश्रा और 5 वर्षीय पुत्री तृप्ति मिश्रा को छोड़ गई हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सविता देवी ने बड़ी गंडक नहर के डोलहा (सौआडीह) फाटक के पास नहर में छलांग लगा दी थी। शुक्रवार 17/07/2026 को सौआडीह फाटक के पास ग्रामीणों ने नहर में एक महिला का शव देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता वीरेन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम बनी बेलासपुर, थाना कोठीभार, सिसवा बाजार, जनपद महराजगंज ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पति अखिलेश मिश्रा आए दिन मारता-पीटता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि बेटी के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जो घरेलू हिंसा की ओर इशारा करते हैं। परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर सविता देवी ने यह कदम उठाया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।








